उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंदेहरादूनहरिद्वार

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कसेगा शिकंजा: एडीजी

हरिद्वार। एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने कानून व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान एडीजी ने कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बसंत पंचमी स्नान पर्व और राष्ट्रीय खेलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की। पर्व के अवसर पर सघन चैकिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
जनपद में चल रहे राष्ट्रीय खेलों के दृष्टिगत आधिकारिक दौरे पर हरिद्वार पहुंचे एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम का दौरा कर राष्ट्रीय खेलों की सुरक्षा व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वंदना कटारिया स्टेडियम में प्रवेश एवं निकास द्वार, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के आगमन एवं प्रस्थान मार्ग सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। एडीजी ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन हो। स्टेडियम का दौरा करने के पश्चात एडीजी ने सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल एवं जनपद में नियुक्त समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने जनपद में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। तत्पश्चात स्नान ड्यूटी में उनके अनुभव एवं आने वाली भीड़ की संभावना के दृष्टिगत जानकारी व सुझाव साझा किये। साथ ही बसंत पंचमी स्नान पर्व की तैयारियों की समीक्षा
गोष्ठी में आगामी बसंत पंचमी स्नान पर्व के लिए जनपद पुलिस द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा के दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल एवं एसपी सिटी पंकज गैरोला द्वारा श्रद्धालुगण के आगमन एवं निकासी रास्तों के लिए पुलिस का ट्रैफिक प्लान एवं विभिन्न ड्यूटी पॉइंट पर नियुक्त किए गए अधिकारियों के संदर्भ में विस्तार से बताया गया। साथ ही भीड़ बढ़ने की स्थिति में अपनाए जाने वाले कंटीन्जेंसी प्लान के बारे में भी जानकारी दी। बैठक के अंत में एडीजी ने राष्ट्रीय खेलों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया एवं जनपद पुलिस अधिकारियों को वंदना कटारिया स्टेडियम में होने वाले कबड्डी के सेमी फाइनल मैच एवं हॉकी के महत्वपूर्ण मैच के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा में कोताही न बरतने के स्पष्ट निर्देश देते हुए एवं बसंत पंचमी पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना के दृष्टिगत अलर्ट रहते हुए सभी ड्यूटी पॉइंट पर सुरक्षा में लगे जवानों को पहले ब्रीफ करने के उपरांत ड्यूटी पॉइंट पर भेजने एवं पूर्ण सतर्कता बरतते हुए विनम्र परंतु दृढ़ तरीके से अपनी ड्यूटी को करने के साथ-साथ अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एडीजी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था अथवा जनपद में कानून-व्यवस्था को बाधित करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!