बहादराबाद में अवैध असलहा सप्लाई करने आ रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली, तीन गिरफ्तार

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाश क्षेत्र में अवैध पिस्टल सप्लाई करने के इरादे से पहुंचे थे। पुलिस की घेराबंदी देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए एंबुश लगाया। पुलिस टीम ने मौके से विशाल और भूपेंद्र को पकड़ लिया, जबकि तीसरा बदमाश मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो मुकुल ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कांबिंग कर दो अन्य बदमाशों को भी अपनी गिरफ्त में लिया।
मेरठ का रहने वाला है घायल बदमाश
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों की पहचान विशाल पुत्र मगता (25 वर्ष), निवासी वाल्मीकि बस्ती, शिव मंदिर के पास, बहादराबाद, हरिद्वार; भूपेंद्र पुत्र विजय कुमार (23 वर्ष), निवासी मंसूरपुर झोरा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर तथा घायल मुकुल पुत्र कन्हैया (25 वर्ष), निवासी ग्राम बमोरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ के रूप में की है।
दो पिस्टल और तमंचा बरामद
पुलिस ने बदमाश मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं भूपेंद्र के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि अवैध हथियार कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
अस्पताल पहुंचे एसएसपी, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एसएसपी हरिद्वार अस्पताल पहुंचे और घायल बदमाश के संबंध में घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अवैध असलहा सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।



