मुठभेड़: बहन के प्रेम प्रसंग में दोहरा हत्याकांड करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में जनपद में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत झबरेड़ा कोतवाली पुलिस ने ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर अपनी बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
जानकारी के अनुसार 26 सितंबर 2026 को ग्राम झबरेड़ी कलां में अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार ने अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना, उम्र करीब 18 वर्ष, की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में मृतक सूरज के पिता अशोक पुत्र चत्तर सिंह की तहरीर पर कोतवाली झबरेड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपी अमन उर्फ भरोसी मोटरसाइकिल से अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम नहर पुल पिकेट के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक व्यक्ति तेज गति से मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी अमन उर्फ भरोसी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभय सिंह ने भी राजकीय अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से मुठभेड़ के घटनाक्रम, आरोपी की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर उसे समाज में बदनामी होने की आशंका थी, जिसके चलते उसने दोनों की हत्या कर दी।
पुलिस मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 160/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत एक और अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बरामदगी:
.315 बोर का एक अवैध तमंचा
.315 बोर के दो खोखा कारतूस
.315 बोर का एक जिंदा कारतूस
बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल



