कप्तान नवनीत सिंह की सख्त रणनीति से ध्वस्त हुआ अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह, 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने एक सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनमें गंगनहर और कनखल थानों में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों से संबंधित बाइक भी शामिल हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में गंगनहर पुलिस ने ठोस सुरागरसी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से वाहन चोर गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए उनकी निशानदेही पर 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद करा दिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें शाहपुर (रुड़की) स्थित जियाउलहक के आम के बाग के पास बने खंडहर में छिपाकर रखते थे। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
विपिन पुत्र समय सिंह, निवासी छापुरशेर अफगानपुर, थाना भगवानपुर
आशु कुमार पुत्र अनिल कुमार, निवासी हबीबपुर निवादा, थाना कलियर
शौकीन पुत्र शकीर, निवासी सिकंदरपुर, थाना भगवानपुर
बरामदगी
कोतवाली गंगनहर के चार वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित 4 मोटरसाइकिल
कोतवाली कनखल के एक मुकदमे से संबंधित 1 मोटरसाइकिल
अन्य 12 चोरी के दोपहिया वाहन
कुल बरामदगी: 17 वाहन
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में SHO मनी भूषण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवाण, एएसआई मनीष कवि सहित गंगनहर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस की यह कार्रवाई वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ा संदेश मानी जा रही है। लगातार हो रही प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप और आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।



