उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

सड़क पर भिड़े भाजपा के दो गुट, अंदरूनी सियासी खींचतान आई सामने

हरिद्वार। भाजपा के दो गुटों के बीच हुआ विवाद पार्टी के भीतर चल रही कथित गुटबाजी और सियासी खींचतान को एक बार फिर चर्चा में ले आया है। सोमवार को थोक केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार समिति के चार वार्डों के चुनाव के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब मंत्री मदन कौशिक के करीबी बताए जाने वाले विकास तिवारी और मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले सुशील चौधरी के आमने-सामने आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। विवाद के चलते कुछ देर के लिए चुनाव स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, यह विवाद चुनाव के दौरान किसी बात को लेकर शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस घटनाक्रम ने भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!