हरिद्वार: मंडी सचिव को कथित जान से मारने की धमकी, व्यापारी त्रिपुरारी शर्मा पर मुकदमा दर्ज
5 करोड़ में हत्या की कथित सुपारी वाले वायरल वीडियो पर कार्रवाई, ज्वालापुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हरिद्वार।ज्वालापुर मंडी समिति के प्रभारी सचिव लवकेश गिरी को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित धमकी भरे वीडियो के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यापारी त्रिपुरारी शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडी सचिव लवकेश गिरी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें त्रिपुरारी शर्मा कथित तौर पर लवकेश गिरी की हत्या के लिए 5 करोड़ रुपये देने की बात करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद मंडी प्रशासन और पुलिस महकमे में भी गंभीरता से मामला लिया गया।
लवकेश गिरी की पहचान मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा टैक्स चोरी करने वाले व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई करने वाले अधिकारी के रूप में रही है। उनकी कार्यशैली के चलते कई व्यापारियों पर कार्रवाई भी हुई है। ऐसे में वायरल वीडियो में कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आने के बाद मंडी निदेशालय स्तर पर भी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें कही गई बातों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने या किसी सरकारी अधिकारी को धमकी देने के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



