हादसे में घायलों के लिए देवदूत बनी जल पुलिस, घायलों को वाहन के नीचे से निकाल 108 की मदद से पहुंचाया अस्पताल

हरिद्वार। ड्यूटी पर जा रहे जल पुलिस कर्मचारियों ने एक बार फिर मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल लोगों की मदद की। बताया गया कि ड्यूटी के दौरान उनके सामने एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे।
मौके पर मौजूद जल पुलिस टीम में शामिल हेड कॉन्स्टेबल प्रीतम सिंह, हेड कॉन्स्टेबल वीरेन्द्र, गोताखोर मनोज और चालक मनमोहन नेगी ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। टीम ने घायलों को वाहन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही घटना की सूचना संबंधित सिटी कंट्रोल को भी दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी गंभीर था, लेकिन जल पुलिस टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय रहते मदद मिल सकी। जल पुलिस फिलहाल भी पूरी तरह एक्टिव होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।
यह दूसरी घटना है जब ड्यूटी पर जाते हुए जल पुलिस कर्मचारियों ने हादसे में घायलों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की है। स्थानीय लोगों ने भी जल पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की जमकर प्रशंसा की।



