विधायक निधि से बन रही सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, बीडीओ ने की जांच
शिकायत के बाद निर्माण स्थल पहुंचे बीडीओ मानस मित्तल

हरिद्वार।नगर निगम के वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर में विधायक निधि से बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री और पुरानी ईंटों के इस्तेमाल की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। बुधवार को बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों का आरोप था कि सीसी सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही नाली निर्माण में नई ईंटों के बजाय पुरानी और कमजोर ईंटों का प्रयोग किया जा रहा था, जिससे निर्माण कार्य की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे थे। मामले की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से की गई थी।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर बीडीओ मानस मित्तल जांच के लिए निर्माण स्थल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा ठेकेदार को मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की।



