मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण हादसा: चार वाहनों की टक्कर के बाद वाहनों में लगी भयानक आग

हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मोतीचूर फ्लाईओवर पर चार वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद कई वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर तेज रफ्तार में आ रहे चार वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें फ्लाईओवर से उठती नजर आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के कारण हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम हरिद्वार से मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि जाम के कारण रायवाला से आने वाली फायर ब्रिगेड की टीम को मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि हादसे में एक ट्रक, एक एसयूवी कार, एक डंपर और उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस आपस में टकरा गईं। आग की चपेट में आने से रोडवेज बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है। फिलहाल आग पर काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।



