ई-मेल से न्यायलयों को बम धमकी के बाद गढ़वाल रेंज में हाई अलर्ट

उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में माननीय न्यायालयों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गढ़वाल परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। गढ़वाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री राजीव स्वरूप ने सभी जिला पुलिस प्रभारियों को न्यायालय परिसरों की सुरक्षा और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुपालन में सभी न्यायालय परिसरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा प्रत्येक व्यक्ति एवं वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की सहायता से विस्तृत एंटी-सबोटाज चेकिंग की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए एसटीएफ और साइबर सेल की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर प्रेषक की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
आईजी गढ़वाल ने आमजन, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों से अपील की है कि किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु, वाहन अथवा व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



