कप्तान Navneet Singh Bhullar का सख्त संदेश: समयबद्ध कार्य और पीड़ित को त्वरित राहत प्राथमिकता

हरिद्वार। जनपद के नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं का विस्तृत भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखा प्रभारियों और नियुक्त स्टॉफ से परिचय प्राप्त किया तथा उनके दायित्वों और लंबित कार्यों की जानकारी ली।
“जनता की शिकायतों में देरी बर्दाश्त नहीं” – एसएसपी
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय से कार्यालय पहुंचें और सौंपे गए कार्यों को अपडेट रखें। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
एसएसपी भुल्लर ने विशेष रूप से कहा कि पीड़ित व्यक्ति को समय रहते सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।



