कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल की दो टूक : अपराध पर जीरो टॉलरेंस, लापरवाही पर सीधी कार्रवाई के संकेत

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कप्तान डोबाल ने साफ शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने बीते दिनों घटित अपराधों एवं उनके अनावरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि हर घटना का त्वरित और प्रभावी खुलासा अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी हाल में राहत नहीं मिलनी चाहिए।
अंग्रेजी नववर्ष के दौरान होने वाले कार्यक्रमों को लेकर कप्तान डोबाल ने पुलिस को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर कड़ा सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।
एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फील्ड में रहें और स्थिति पर स्वयं निगरानी रखें। किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की तय की जाएगी।
ठंड को देखते हुए पिकेट एवं गश्त पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए अलाव एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में लैब टेक्निशियन हत्याकांड एवं लक्सर गोलीकांड का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करने पर पुलिस टीमों की सराहना करते हुए कप्तान डोबाल ने कहा कि यही कार्यशैली आगे भी जारी रहनी चाहिए।
एसएसपी ने दो टूक कहा कि जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और पुलिस हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।



