
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट, सराहनीय एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पदक के लिए चयनित पुलिस कार्मिकों के नामों की घोषणा की गई है।
इन 14 पुलिस कार्मिकों में 8 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का चयन सेवा के आधार पर, जबकि 6 पुलिस कार्मिकों को विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
सेवा के आधार पर इन 8 कार्मिकों को मिलेगा पदक
सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक के लिए पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ उत्तराखंड श्री नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल श्री रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा श्री भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली श्री त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय श्री मनीष जस्वाल, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय श्री गिरीधर सिंह रावत, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय श्री मोहम्मद यासीन तथा गुल्मनायक 40वीं वाहिनी पीएसी श्री दिनेश चन्द्र का चयन किया गया है।
विशिष्ट कार्य के लिए 6 पुलिस कार्मिक सम्मानित होंगे
विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से स्वर्गीय श्री मनोज मनराल, निरीक्षक अभिसूचना, एलआईयू देहरादून को मरणोपरांत तथा स्वर्गीय श्री विनोद कुमार, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, जनपद टिहरी गढ़वाल को भी मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक श्री सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार श्री नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून श्री शान्तनु पराशर तथा पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना श्री मनोज असवाल को विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
हरिद्वार SSP नवनीत सिंह को सम्मान
विशिष्ट कार्य के लिए पदक पाने वालों में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह का नाम भी शामिल है। उनके चयन को हरिद्वार पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पदक के लिए चयन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने वाला महत्वपूर्ण सम्मान है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों द्वारा पूरी निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव के साथ किए जा रहे कार्यों का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के सम्मान से पूरे पुलिस बल को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड पुलिस के लिए गौरव का अवसर होगा और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चयनित पुलिस कार्मिकों का सम्मान उनके साथ-साथ पूरे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाएगा।



