मनसा देवी में अव्यवस्थाओं पर भड़के राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, शौचालयों पर ताले देख लगाई अधिकारियों की क्लास

हरिद्वार। मनसा देवी मंदिर प्रांगण में औचक निरीक्षण के दौरान दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में लापरवाही देखकर नाराज हो गए। मंदिर परिसर में शौचालयों पर ताले लगे होने, पेयजल की कमी और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्पष्ट कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल, स्वच्छता और शौचालयों की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए।
राज्य मंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी शौचालय 24 घंटे खुले रहें और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुधारने के आदेश दिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने नगर आयुक्त से दूरभाष पर वार्ता कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा उठाने और स्वच्छता व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बेहतर बनाने के निर्देश दिए।



