
हरिद्वार। आगामी धनतेरस एवं दीपावली त्योहारों के मद्देनजर कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने कस्बे में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालकों और ऑटो-ई रिक्शा चालकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक बाजार चौकी प्रभारी विकास रावत के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और वाहन चालकों को त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, अतिक्रमण न करने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी लोगों से त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की हिदायत दी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाएं प्रसारित न करने की भी अपील की।
व्यापारियों को पटाखों की बिक्री एवं आतिशबाजी निर्धारित स्थानों पर ही करने, सुरक्षा के सभी जरूरी मानकों का पालन करने तथा अपनी दुकानों के बाहर सड़क पर अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर ही सवारियों को उतारने और वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने सभी क्षेत्रवासियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।



