उत्तराखंडहरिद्वार

कप्तान नवनीत सिंह की सख्ती का असर! नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोपी खुद पहुंचा कनखल कोतवाली

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में फरार चल रहा आरोपी आखिरकार पुलिस के सामने पहुंच गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़ और बरेली समेत कई शहरों में लगातार ठिकाने बदलता रहा। कनखल पुलिस की लगातार दबिश के बाद पुलिस का दबाव बढ़ा तो आरोपी ने कोतवाली पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला 3 सितंबर का है। पीड़िता की मां ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी युवक ने उनकी नाबालिग बेटी से दोस्ती कर उसे अपने विश्वास में लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फोटो-वीडियो बना लिए। आरोप है कि इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी नाबालिग को ब्लैकमेल करने लगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ब्लैकमेल कर नाबालिग से करीब एक लाख रुपये भी ले लिए। इसके बावजूद उसकी मांग खत्म नहीं हुई और वह लगातार और रुपये मांगता रहा। शिकायत मिलने के बाद कनखल पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 311/2026 दर्ज करते हुए पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP हरिद्वार नवनीत सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कनखल पुलिस ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा और दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली सहित कई स्थानों पर छिपता रहा।
इधर, कनखल पुलिस ने भी आरोपी की तलाश में दबिश का सिलसिला जारी रखा। पुलिस की लगातार कार्रवाई से आरोपी पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ता गया। आखिरकार पुलिस की पकड़ से बचने में नाकाम आरोपी स्वयं कनखल कोतवाली पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी गौरव कुमार पुत्र धनपाल निवासी बफरी बुजुर्ग, थाना शाही, जनपद बरेली, हाल निवासी सगरावाला, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार को हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल, महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य, कांस्टेबल रणजीत सिंह और महिला कांस्टेबल सुष्मिता रावत शामिल रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!