आशियाना उजड़ा तो मदद को आगे आया वक्फ बोर्ड, परिवार को मिले ₹51 हजार

देहरादून। भीमावाला में भारी बारिश ने एक गरीब परिवार से उसका आशियाना छीन लिया। कुछ दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के बीच परिवार का मकान भरभराकर गिर गया। देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से बनाया गया घर मलबे में तब्दील हो गया और परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। सिर छिपाने की जगह और दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
परिवार की इस दर्दनाक स्थिति की जानकारी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, जिला देहरादून ग्रामीण के अध्यक्ष खालिद मंसूरी को मिली। उन्होंने बिना देर किए पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर उनका दर्द बांटा और उनकी स्थिति से उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स को अवगत कराया। साथ ही परिवार की मदद के लिए आर्थिक सहायता का आग्रह किया।
मंसूरी के आग्रह पर शादाब शम्स ने परिवार की मदद का भरोसा दिया और अपने वादे को निभाते हुए स्वयं भीमावाला पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और ₹51,000 की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
मुसीबत की इस घड़ी में मिली यह मदद परिवार के लिए महज आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि टूट चुके हौसले को संभालने वाली उम्मीद की किरण बनकर सामने आई।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, खालिद मंसूरी, हरीश हैरी, सभासद धीरेन्द्र पटवाल, गुलफाम शेख, अमीर कुरैशी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



