कांवड़ के कचरे पर नगर निगम का ‘क्लीन स्वीप’, 7 हजार टन कूड़ा साफ; नंदन कुमार की रणनीति और टीम की मेहनत ने संभाला हरिद्वार

हरिद्वार, 11 अगस्त 2026। करोड़ों कांवड़ यात्रियों की आस्था और भारी भीड़ के बीच हरिद्वार में स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखना नगर निगम के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। लेकिन मुख्य नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम हरिद्वार की टीम ने इस चुनौती का डटकर सामना करते हुए कांवड़ मेले के दौरान लगभग 7 हजार मीट्रिक टन कचरे का उठान कर स्वच्छता व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मेले के अंतिम दो दिनों में ही करीब 2 हजार मीट्रिक टन कूड़ा एकत्रित किया गया। इसके लिए नगर निगम ने नियमित सफाई व्यवस्था के साथ करीब 1000 अतिरिक्त आउटसोर्स कर्मचारियों और 80 से अधिक वाहनों को मैदान में उतारा। घाटों, कांवड़ मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार सफाई एवं कूड़ा उठान का कार्य चलता रहा।
एमएनए नंदन कुमार की मॉनिटरिंग में चला बड़ा स्वच्छता ऑपरेशन

कांवड़ मेले की विशालता को देखते हुए सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया गया। ड्रोन के माध्यम से प्रमुख कांवड़ मार्गों, घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की मॉनिटरिंग की गई। जहां भी सफाई व्यवस्था में कमी दिखाई दी, वहां संबंधित टीमों और वाहनों को तत्काल भेजकर स्थिति को दुरुस्त किया गया।
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार की मॉनिटरिंग में अधिकारियों, पर्यावरण मित्रों, आउटसोर्स कर्मचारियों और वाहन चालकों की टीम ने लगातार ग्राउंड पर सक्रिय रहकर व्यवस्था को संभाला।
ग्रीन चौकियों से प्लास्टिक पर प्रहार

सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के इस्तेमाल को कम करने के लिए विभिन्न स्थानों पर ग्रीन चौकियां स्थापित की गईं। यहां श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को पॉलिथीन के विकल्प के रूप में कंपोस्टेबल ग्रीन बैग उपलब्ध कराए गए। साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी फैलाई गई।
घाटों पर ‘स्वच्छता दूत’, लोगों को किया जागरूक
प्रमुख घाटों पर तैनात स्वच्छता दूतों ने श्रद्धालुओं को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया। इससे सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिला।
सोलर सेंसर डस्टबिन का भी सफल ट्रायल
नगर निगम ने कांवड़ मेले के दौरान तकनीक आधारित स्वच्छता व्यवस्था की दिशा में सोलर सेंसर डस्टबिन का सफल ट्रायल भी किया। यह पहल भविष्य में हरिद्वार की स्मार्ट और आधुनिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
समापन के बाद भी नहीं रुका सफाई का पहिया

कांवड़ मेले के समापन के साथ नगर निगम ने राहत की सांस लेने के बजाय विशेष सफाई अभियान को और तेज कर दिया है। 11 अगस्त को घाटों, कांवड़ मार्गों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
एकत्रित कूड़े को तत्काल वाहनों के माध्यम से निर्धारित निस्तारण स्थल तक पहुंचाया गया। नगर निगम के अनुसार यह विशेष अभियान अगले दो दिनों तक लगातार जारी रहेगा, ताकि मेले के बाद हरिद्वार को जल्द से जल्द स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप में लाया जा सके।
नंदन कुमार ने टीम को दिया श्रेय
मुख्य नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने सफाई व्यवस्था में जुटे नगर निगम के अधिकारियों, पर्यावरण मित्रों, आउटसोर्स कर्मचारियों और वाहन चालकों की सराहना करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सभी टीमों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले का समापन सफाई अभियान का अंत नहीं है, बल्कि मेले के दौरान उत्पन्न अपशिष्ट को पूरी तरह हटाने तक विशेष अभियान जारी रहेगा।
महापौर किरण जैसल ने भी थपथपाई टीम की पीठ

महापौर श्रीमती किरण जैसल ने भी कांवड़ मेले के दौरान दिन-रात स्वच्छता व्यवस्था में जुटे नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच हरिद्वार को स्वच्छ बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे नगर निगम की टीम ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया।
नंदन कुमार की रणनीति और कर्मचारियों की मेहनत बनी ताकत
कांवड़ मेले जैसी विशाल व्यवस्था के दौरान करीब 7 हजार मीट्रिक टन कचरे का उठान अपने आप में नगर निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है। मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार की प्रभावी मॉनिटरिंग, अधिकारियों की सक्रियता और पर्यावरण मित्रों, आउटसोर्स कर्मचारियों व वाहन चालकों की लगातार मेहनत ने इस पूरे स्वच्छता अभियान को मजबूती दी।
तेज भीड़, लगातार बढ़ते कचरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफाईकर्मियों का लगातार मैदान में डटे रहना इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत रहा।
कूड़ा दिखे तो कंट्रोल रूम को दें सूचना
नगर निगम ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि कहीं कूड़े का ढेर या सफाई से जुड़ी समस्या दिखाई दे तो नगर निगम के कंट्रोल रूम पर +91 90686 99924 पर सूचना दें। सूचना मिलने पर संबंधित टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



