हाथियों के आतंक पर वन विभाग का एक्शन, पथरी रेंज में गहरी खाई खोदकर किसानों की फसल को दी सुरक्षा

हरिद्वार। पथरी अनुभाग में हाथियों द्वारा किसानों की फसलों को लगातार नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल सिंह के निर्देश पर आरक्षित वन क्षेत्र में उन स्थानों पर, जहां हाथी बार-बार दीवार तोड़कर खेतों में प्रवेश कर रहे थे, जेसीबी मशीन से गहरी खाई खुदवाई गई। इस पहल का उद्देश्य हाथियों की खेतों तक पहुंच रोकना और किसानों की फसलों को सुरक्षित करना है।
वन विभाग के अनुसार पथरी रेंज की टिगरी, केंद्रीय और पूर्वी बीट में बीट अधिकारी योगेश कुमार और आकाश सैनी अपनी-अपनी बीटों की सुरक्षा में लगातार सक्रिय हैं। पथरी अनुभाग अधिकारी गोपाल सिंह नेगी के नेतृत्व और अधिकारियों की सतर्कता का ही परिणाम है कि इन बीटों में लकड़ी चोरी, शिकार और अन्य वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है तथा ये क्षेत्र सबसे सुरक्षित बीटों में शामिल हैं।
वन विभाग के दैनिक कर्मी मनोज भट्ट, मनोज खत्री, रघुवीर खत्री और श्यामलाल लंबे समय से रातभर गश्त कर हाथियों को खेतों में घुसने से रोकते रहे हैं। अब दीवारों के पास गहरी खाई बनने से हाथियों की आवाजाही पर रोक लगेगी और किसानों की फसल को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
इसी क्रम में कमला नगर क्षेत्र में भी ग्रामीणों के सहयोग से वन विभाग की टीम ने एक हाथी को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर खदेड़ा। क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे फसल सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



