नव वर्ष 2026 पर मसूरी में रिकॉर्ड भीड़, सीओ मसूरी मनोज असवाल की मुस्तैदी से यातायात और कानून व्यवस्था रही नियंत्रित

मसूरी। नव वर्ष 2026 के जश्न के अवसर पर मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में वाहनों के शहर में प्रवेश करने से प्रमुख मार्गों पर हलके जाम की स्थिति बनी रही!

भारी भीड़ और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ मसूरी मनोज असवाल पूरी रात पुलिस बल के साथ सड़क पर तैनात रहे और स्वयं यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। उनके साथ कोतवाल मसूरी देवेंद्र सिंह चौहान ने भी पुलिस टीम के साथ लगातार मोर्चा संभाले रखा।

भीड़ अधिक होने के कारण कुछ स्थानों से हुड़दंग और हल्के विवाद की सूचनाएं मिलीं, लेकिन पुलिस अधिकारियों की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे। पुलिस ने व्यवस्थित ढंग से वाहनों को निकाला और पर्यटकों से संयम बनाए रखने की अपील की।
पुलिस की मुस्तैदी और बेहतर प्रबंधन के चलते नव वर्ष के जश्न के दौरान मसूरी में शांति और व्यवस्था बनी रही, जिससे पर्यटक भी सुरक्षित माहौल में नए साल का स्वागत कर सके।



