हरिद्वार

बहादराबाद में सेल्समैन से लूट का खुलासा : लूटी गई नगदी, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

बहादराबाद। सांतर शाह क्षेत्र में सेल्समैन से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम ₹4 लाख 06 हजार नगद, एक मोबाइल फोन, अवैध तमंचा तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 30 दिसंबर को जगजीतपुर स्थित देशी शराब के ठेके से पैसे लेकर ऑटो से रुड़की जा रहे सेल्समैन कृष्णा राणा से पतंजलि रिसर्च सेंटर के पास दो अज्ञात युवकों ने बैग छीन लिया था और फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया। पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी एएसपी ज्वालापुर जितेन्द्र चौधरी को सौंपी गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित टीम ने सीआईयू से तकनीकी सहायता लेते हुए घटनास्थल के आसपास सघन जांच की। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचनाओं और ग्राउंड लेवल इनपुट के आधार पर संदिग्धों के हुलिए व इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल की पहचान की गई।
नहर पटरी के पास तिरछा पुल क्षेत्र से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने सेल्समैन से लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल थाना सिडकुल क्षेत्र से चोरी की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण गिरि पुत्र रमेश गिरि, निवासी ग्राम दुगचाड़ा थाना देवबंद (हाल निवासी दौलतपुर बहादराबाद) तथा प्रणव पुत्र सुभाष सैनी, निवासी ग्राम धनौरा थाना पिरान कलियर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक श्रवण गिरि के खिलाफ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वह कोतवाली डोईवाला के दो मामलों में वांछित भी चल रहा था। वहीं प्रणव के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून जनपदों में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!