कॉलेज परिसर की घटना पर बढ़ा विरोध, डीएम को ज्ञापन सौंपेगी पंजाबी महासभा

हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान एसएमजेएन पीजी कॉलेज में प्राचार्य प्रो. सुनील बत्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले को सबसे पहले दस्तक न्यूज़ ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

इसी क्रम में उत्तरांचल पंजाबी महासभा, हरिद्वार ने घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। महासभा का आरोप है कि सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा प्राचार्य के साथ किया गया व्यवहार न केवल एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद की गरिमा के प्रतिकूल था, बल्कि इससे शिक्षा जगत और समाज में भी गलत संदेश गया है।

महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद प्राचार्य प्रो. सुनील बत्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि एसआईआर अभियान के दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार तथा अपलोडिंग के दबाव को लेकर भी असंतोष सामने आ रहा है। ऐसे माहौल में कॉलेज परिसर में हुई यह घटना कर्मचारियों और शिक्षण संस्थानों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने समाज के लोगों और गणमान्य नागरिकों से ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल होकर अपना समर्थन देने की अपील की है। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।



