उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

हल्द्वानी में देर रात युवक की गोली मारकर हत्या, भाजपा पार्षद पर फायरिंग का आरोप

(दस्तक डेस्क)

हल्द्वानी। शहर में देर रात हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घर के बाहर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान नितिन लोहानी (22) के रूप में हुई है। वह दिल्ली में पढ़ाई करता था और 28 दिसंबर को ही अपने घर हल्द्वानी आया था। पुलिस के अनुसार यह घटना रात करीब 12 बजे की है।
पुलिस ने इस मामले में नगर निगम के भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्षद को शक था कि नितिन अपने एक दोस्त के साथ उसके होटल की रेकी कर रहा है।
इसी शक को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर पार्षद ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से नितिन पर फायरिंग कर दी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पार्षद का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है और उस पर मारपीट जैसे आरोप लगते रहे हैं। कुछ महीने पहले इसी पार्षद से जुड़े एक मामले को लेकर विधायक बंशीधर भगत कोतवाली के बाहर धरने पर भी बैठे थे।
फिलहाल आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!