हरिद्वार

देहरादून से कंट्रोल, मुजफ्फरनगर में वारदात: भांजी के इशारों पर दोस्त ने मामा के घर लगाई सेंध

मुजफ्फरनगर/देहरादून। उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। देहरादून के एक कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रही युवती ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही मामा के घर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से पूरे मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती ने अपने दोस्त दानिश हसन के साथ मिलकर मामा के घर की पहले रेकी कराई। 12 दिसंबर 2025 को जब युवती के मामा विकास ढींगरा पुत्र स्व. कस्तूरी लाल निवासी गांधी कॉलोनी, थाना नई मंडी अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए हुए थे, उसी दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घर में बच्चे मौजूद थे, जिन्हें आरोपी दानिश ने डरा-धमकाकर चोरी की।
आरोपी घर से 6 अंगूठियां, 3 गले की चेन (एक लॉकेट सहित), 2 कड़े, 2 जोड़ी कान के टॉप्स, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आईफोन 17, गेट का वायरलेस रिमोट और नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले में पीड़ित विकास ढींगरा द्वारा थाना नई मंडी में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने जांच के दौरान सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी दानिश हसन को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया अधिकांश माल बरामद किया गया, जिसमें चोरी के पैसों से खरीदी गई लगभग 22 हजार रुपये की घड़ी भी शामिल है। पूछताछ में आरोपी ने पूरी साजिश का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने युवती को भी गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि युवती की पढ़ाई में बैक आने और युवक की मर्चेंट नेवी की नौकरी छूट जाने के कारण दोनों को पैसों की सख्त जरूरत थी। कर्ज चुकाने और महंगे शौक पूरे करने के साथ-साथ दोनों नया साल साथ मनाने की योजना बना रहे थे, इसी वजह से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा चोरी गया माल बरामद कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!