
हरिद्वार। सोमवार का दिन हरिद्वार पुलिस के लिए खुलासों का सोमवार साबित हुआ। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने एक के बाद एक तीन बड़े मामलों का खुलासा किया। कोतवाली नगर पुलिस ने दूधियाबंद के पास मिले अज्ञात शव के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए दंपती को गिरफ्तार किया, पथरी पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर 9 चोरी की बाइक बरामद कीं, जबकि सिडकुल पुलिस और CIU टीम ने जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने वाले आरोपी को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
दूधियाबंद ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, दंपती गिरफ्तार
17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। शव के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला, लेकिन पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में टीम भेजकर पहचान के प्रयास शुरू किए।
20 सितंबर को मृतक के परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी बिजनौर, उम्र 50 वर्ष के रूप में की। इसके बाद मृतक के बेटे की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से एक दंपती को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ के अनुसार मृतक और आरोपी महिला के बीच संबंध बन गए थे। मृतक महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। पुलिस के मुताबिक महिला ने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद पति ने अपनी पत्नी, अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपियों के अनुसार 16 सितंबर को महिला ने मृतक को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात में गंगा घाट पर मृतक के शराब पीकर सोने के बाद छिपकर बैठे आरोपियों ने चापड़ और छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मोबाइल और पर्स गंगा में फेंक दिए गए।
मामले में पुलिस ने नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लोहे का चापड़ बरामद किया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पथरी में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़
दूसरे बड़े खुलासे में थाना पथरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
पुलिस ने 20 सितंबर को रविदास आश्रम, लक्सर रोड के पास आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर शंखनाद कॉलोनी के पास एक खंडहर से 8 अन्य चोरी की बाइकें बरामद की गईं।
बरामद वाहनों में से 3 के संबंध में पथरी और 1 के संबंध में कनखल थाने में पहले से मुकदमे दर्ज मिले हैं।
मामले में रोबिन और आदित्य चौहान को गिरफ्तार किया गया है।
जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने वाला गिरफ्तार
तीसरे मामले में सिडकुल पुलिस और CIU टीम ने जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को धमकी भरे मैसेज भेजने के आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी हिमांशु चोढा ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी दी थी। 21 सितंबर को सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल में बंद अपनी पत्नी से मुलाकात के दौरान हुई कथित रोक-टोक से नाराज होकर उसने जेल अधीक्षक को धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार बाद में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह तमंचा लेकर लुधियाना से हरिद्वार आया था और जेल की ओर जा रहा था।
एक दिन, तीन बड़े खुलासे
सोमवार को हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई में जहां ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाकर दंपती को गिरफ्तार किया गया, वहीं वाहन चोरी के मामले में 9 बाइक बरामद कर दो आरोपी पकड़े गए और जेल अधीक्षक को धमकी देने के मामले में तमंचे के साथ आरोपी की गिरफ्तारी हुई। तीनों मामलों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की।
ब्लाइंड मर्डर की जांच करने वाली टीम
इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में व0उ0नि0 नंद किशोर ग्वाड़ी, उ0नि0 नवीन सिंह चौहान, उ0नि0 नवीन नेगी, उ0नि0 खेमेंद्र गंगवार, उ0नि0 अंशुल अग्रवाल, अपर उ0नि0 संदीप वर्मा, हे0का0 संजय कुमार पाल, हे0का0 सतीश नौटियाल, का0 अजीत तोमर, का0 निर्मल, का0 राकेश कुमार, का0 पवन और म0का0 शोभा शामिल रहे। CIU प्रभारी नरेंद्र बिष्ट और का0 वसीम का भी सहयोग रहा।
वाहन चोरी का खुलासा करने वाली टीम
वाहन चोरी के खुलासे में थानाध्यक्ष पथरी उ0नि0 रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम में उ0नि0 मोहन कठैत, अ0उ0नि0 मुकेश राणा, कां0 दीपक चौधरी, कां0 हेमन्त, कां0 जयपाल चौहान, कां0 अनिल पंवार, कां0 सोहन राणा, कां0 सुरेश, कां0 रविन्द्र बिष्ट, का0 नरेश बहुगुणा और का0 बालक राम शामिल रहे।
जेल अधीक्षक को धमकी देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी
धमकी के मामले में थानाध्यक्ष सिडकुल अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में उ0नि0 देवेंद्र चौहान, कां0 नरेंद्र चौहान और कां0 हरि सिंह शामिल रहे। कार्रवाई में CIU हरिद्वार प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व वाली टीम ने भी सहयोग किया, जिसमें हे0का0 मनोज रावत, कां0 हरवीर रावत, कां0 नरेंद्र और कां0 उमेश शामिल रहे।



