ग्राम मुंडेत में गंदगी का अंबार, ग्रामीणों का जीना हुआ दुश्वार
पुराने स्कूल के पास कूड़े के ढेर और जलभराव से हालात बदतर, कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

मंगलौर। जिला पंचायत ग्राम मुंडेत मंगलौर के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुंडेत में पुराने स्कूल के पास गंदगी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। सड़क किनारे लगे कूड़े के बड़े-बड़े ढेर और सड़ते हुए कचरे से पूरे इलाके में बदबू फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। केवल आश्वासन ही मिलते रहे, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अब इस समस्या के समाधान को लेकर आम जनता की उम्मीदें ग्राम पंचायत सचिव पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने इस पूरे प्रकरण को ग्राम पंचायत सचिव के संज्ञान मे डालते हुए सचिव से शिकायत जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की गुहार लगाई है।
गौरतलब है कि गंदगी के साथ-साथ यहां की सड़क भी बदहाल स्थिति में है, जहां गड्ढों में भरे पानी से स्थिति और गंभीर हो जाती है। अब देखना यह है कि लंबे समय से नारकीय हालात में जी रहे इन ग्रामीणों को इस समस्या से कब तक राहत मिल पाती है।



