‘BAAZ’ गैंग का भंडाफोड़: 8 घंटे में फायरिंग कांड का खुलासा

रानीपुर | हरिद्वार । 21 अप्रैल 2026 की रात BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का रानीपुर पुलिस ने महज 08 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 02 नाबालिग सहित 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 02 तमंचे (315 बोर), 01 जिंदा कारतूस व 03 अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
घटना में वादी हन्नी व उसके साथी वंशु को आरोपियों ने रोककर मारपीट और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें वंशु के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के आदेश, एसपी सिटी अभय सिंह व सीओ सदर के निर्देशन व कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धीरवाली रोड स्थित भागोवाली मैदान से सभी आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इंस्टाग्राम पर “BAAZ” नाम से गैंग चलाते हैं और अवैध हथियारों के दम पर इलाके में वर्चस्व बनाने के लिए लोगों को डराने-धमकाने का काम करते हैं। घायल वंशु पूर्व में आरोपियों के खिलाफ मामलों में गवाह था, इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
फरहान पुत्र फरमान (18 वर्ष), निवासी कस्सावान ज्वालापुर
अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी (24 वर्ष), निवासी विष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर
सागर उर्फ पहाड़ी (22 वर्ष), निवासी सुभाषनगर ज्वालापुर
दो विधि विवादित किशोर
आपराधिक इतिहास (अनमोल बक्शी)
अनमोल के खिलाफ पूर्व में थाना श्यामपुर, सिडकुल व कोतवाली नगर हरिद्वार में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई, जिसमें उ0नि0 नंदकिशोर ग्वाड़ी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



