
हरिद्वार। थाना कनखल क्षेत्र के ग्राम नूरपुर पंजनहेड़ी में ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।घटना के दौरान मौके पर मौजूद कृष्ण बाल उर्फ नानू पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।



