राहत : कड़कड़ाती ठंड में राहत बनी नगर निगम की अलाव व्यवस्था , बढ़ती ठंड के साथ मुख्य चौराहों पर जल रहे अलाव

हरिद्वार। कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए शहर में की गई अलाव व्यवस्था का सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है।गौरतलब है कि शीतलहर को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रैन बसेरों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों सहित निगम अन्तर्गत समस्त 60 वार्डों में अलाव की व्यापक और व्यवस्थित व्यवस्था की गई है, जिससे रात में जरूरतमंदों को कड़कड़ाती ठंड से राहत मिल रही है।
नगर निगम हरिद्वार द्वारा न केवल अलाव की व्यवस्था की गई है बल्कि निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी स्थान पर अव्यवस्था न हो।
सफाई व्यवस्था में भी दिखा सुधार
ठंड के मौसम के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था को भी और बेहतर किया गया है। नियमित कूड़ा उठान, सड़कों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे शहर स्वच्छ और सुव्यवस्थित नजर आ रहा है। नागरिकों ने भी निगम की इस पहल की सराहना की है।
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) के नेतृत्व में प्रभावी कार्य
नगर निगम के इन सभी प्रयासों के पीछे मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) का कुशल और संवेदनशील नेतृत्व साफ नजर आ रहा है। उनके निर्देशों पर ही ठंड से बचाव के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए गए हैं। आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए निगम की कार्यप्रणाली को जमीन पर उतारा जा रहा है।
नगर निगम की यह पहल न केवल ठंड से राहत देने में सहायक है, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रही है।



