निकाय चुनाव खत्म होते ही गायब हुए नेता, वार्ड में सजे कूड़े के ढेर!
जनता के फ़ोन उठाना भी जरुरी नही समझते निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर...

हरिद्वार। नगर निकाय चुनाव की समाप्ति के बाद बड़े-बड़े दावे करने और वार्ड को स्मार्ट वार्ड बनाने वाले प्रत्याशी/नेता गायब हो गए है। यहां तक कि निर्वाचित हुए पार्षद भी वार्ड की सुध नही लें रहे है। वार्ड नंबर 37 कोटरवान में पिछले दो दिनों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन न होने के कारण तीन हज़ार से अधिक आबादी वाली जनता को गंदगी और बदबू का दंश झेलना पड़ रहा है। नेताओं के साथ ही अधिकारी भी सुध नही लें रहे है। यही नही नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर फ़ोन उठाना भी जरुरी नही समझते।
ज्वालापुर के वार्ड नंबर 37 कोटरवान में पिछले दो दिनों से कूड़े की गाड़ी नही आ रही है। जिस कारण प्रतिदिन डोर-टू-डोर उठने वाला कूड़ा नही उठ पा रहा है और घरों व वार्ड में जगह-जगह गंदगी के अम्बार लग चुके है। घरों के कूड़ेदान भर जाने के कारण लोग सड़को व चौराहो पर कूड़ा डाल रहे है। जिस कारण लोगों को बीमारी का खतरा भी सता रहा है। कई चौराहों पर कूड़े के ढेर सज गए है। कूड़ा न उठने का दंश तीन हज़ार से अधिक आबादी वाले वार्ड वासियों को झेलना पड़ रहा है। यहां तक कि वार्ड को स्मार्ट वार्ड बनाने का दावा करने वाले पार्षद प्रत्याशी और नेता भी निकाय चुनाव के बाद गायब हो गए है। क्षेत्र के सेनेटरी इंस्पेक्टर अर्जुन फ़ोन उठाना जरुरी नही समझते। उन्हें कई बार इस समस्या को लेकर फ़ोन किया गया उन्होंने फ़ोन नही उठाया। वही एसएनए रबिन्द्र दयाल ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही है।