कप्तान की ‘गुगली’ पर आईजी राजीव स्वरूप का सिक्सर, तबादला सूची पर लगा ब्रेक

देहरादून। पौड़ी गढ़वाल जिले में पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची इस बार विवादों के घेरे में आ गई है।

गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने पौड़ी पुलिस कप्तान द्वारा जारी की गई तबादला सूची पर गंभीर आपत्ति जताते हुए उसे तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही आईजी ने पूरे प्रकरण पर तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण भी तलब किया है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, पौड़ी पुलिस कप्तान सर्वेश पंवार ने रविवार को जिले में इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी (एसओ) और चौकी प्रभारियों की तबादला सूची जारी की थी।

सूची सामने आते ही जिलेभर में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारी नई तैनाती की तैयारी में जुटे ही थे कि इससे पहले ही आईजी गढ़वाल ने इस सूची पर रोक लगा दी।

आईजी राजीव स्वरूप ने इस संबंध में पुलिस कप्तान को औपचारिक पत्र लिखते हुए बिना सक्षम अनुमति तबादला आदेश जारी करने समेत कई अहम बिंदुओं पर सवाल उठाए हैं। पत्र में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि तबादले निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं किए गए हैं, जो पुलिस एक्ट और विभागीय नियमों का उल्लंघन माना जाता है। इन्हीं कारणों के चलते पूरी तबादला सूची को फिलहाल प्रभावहीन कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, देहरादून से पौड़ी भेजे गए दरोगा हर्ष अरोड़ा को अचानक एसओ लक्ष्मणझूला की जिम्मेदारी सौंपे जाने को लेकर भी पुलिस महकमे में असमंजस की स्थिति बनी रही। वहीं हाल ही में एसओ बनाए गए भुवन चन्द पुजारी को बिना किसी ठोस कारण हटाए जाने की चर्चा भी अंदरखाने तेज रही। इसके अलावा कोटद्वार के कोतवाल रमेश तनवार की विदाई ने भी तबादला सूची को और ज्यादा विवादास्पद बना दिया।
आईजी की इस सख्त कार्रवाई के बाद अब पूरे मामले पर पुलिस महकमे की नजरें टिकी हुई हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि पौड़ी पुलिस कप्तान आईजी के निर्देशों पर क्या जवाब देते हैं और तीन दिन में सौंपे जाने वाले स्पष्टीकरण के बाद तबादला सूची को लेकर आगे क्या रुख अपनाया जाता है।



