हरिद्वार

ज्वालापुर में इंसानियत शर्मसार: सफाईकर्मी से बेरहमी से मारपीट, वीडियो वायरल

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र से एक शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ज्वालापुर के ईदगाह रोड का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति खुलेआम गुंडागर्दी करता नजर आ रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर झाड़ू लगाकर अपनी ड्यूटी निभा रहे एक सफाई कर्मचारी के पास आरोपी आता है और बिना किसी उकसावे के उस पर लात-घूंसे बरसाने लगता है।
घटना के दौरान सफाईकर्मी खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपी की बर्बरता थमने का नाम नहीं लेती। दिनदहाड़े सड़क पर हुई इस मारपीट ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो के वायरल होते ही के सफाईकर्मियों में भारी रोष व्याप्त है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला आरोपी ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का ही रहने वाला है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है। कर्मचारियों का कहना है कि शहर को साफ रखने के लिए वे रोज़ अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते हैं, ऐसे में उनके साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
वायरल वीडियो के बाद फिलहाल पूरा शहर यही सवाल पूछ रहा है कि मेहनत करने वालों की सुरक्षा आखिर कब सुनिश्चित होगी?

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!