उत्तराखंड

मोबिलिटी प्लान पर मुख्य सचिव सख्त, ट्रैफिक जाम कम करने के लिए दिए कई अहम निर्देश

मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान को लेकर संबंधित विभागों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि देहरादून शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात संकुलन को कम करने के लिए नए और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने आढ़त बाजार, इंदिरा मार्केट सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।
निरंजनपुर मंडी शिफ्टिंग पर निर्देश
मुख्य सचिव ने निरंजनपुर मंडी को शहर से बाहर अन्यत्र शिफ्ट किए जाने के लिए एमडीडीए को नई जगह तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने के आदेश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में 20 जनवरी तक शासनादेश जारी कर दिया जाए।
6 प्रमुख जंक्शनों के सुधार को हरी झंडी
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को शहर के 6 प्रमुख जंक्शनों के सुधार कार्यों के लिए 15 जनवरी तक शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
पार्किंग के कम उपयोग पर जताई चिंता
शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में बनी पार्किंग का 100 प्रतिशत उपयोग न होने पर मुख्य सचिव ने चिंता जाहिर की। उन्होंने निर्देश दिए कि उपलब्ध पार्किंग का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर निगम द्वारा लागू ऑन रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों पर भी लागू करने की बात कही, ताकि लोग सड़कों के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों में वाहन खड़े करें।
परिवहन विभाग और एसपीवी को लेकर निर्देश
मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को दिसंबर माह में एसपीवी (SPV) रजिस्टर करने और जनवरी में इसकी पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आशारोड़ी में सीज वाहनों के लिए बनाई जा रही पार्किंग को शीघ्र शुरू करने को कहा।
नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग
मुख्य सचिव ने उम्टा (UMTA) द्वारा तैयार मोबिलिटी प्लान के अंतर्गत चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि स्थल उपयुक्त पाए जाते हैं, तो वहां पार्किंग विकसित की जाए। साथ ही परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की फीजिबिलिटी रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी दिए।
अवैध तारों और सड़कों की मरम्मत पर जोर
शहर में खंभों पर बिना अनुमति लटके अवैध तारों को हटाने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि जहां-जहां अंडरग्राउंड इलेक्ट्रिसिटी केबल का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों की मरम्मत तत्काल कराई जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव श्री अहमद इकबाल, श्री विनीत कुमार, वीसी एमडीडीए श्री बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून श्री अजय सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!