ऑपरेशन प्रहार में हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन, 78 लाख की स्मैक संग “हसीन तोता” गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 78 लाख रुपये बताई जा रही है।
हरिद्वार में एसएसपी Navneet Singh के नेतृत्व में चल रहे अभियान का असर अब लगातार जमीन पर दिखाई दे रहा है। अपराध और नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस लगातार तस्करों पर शिकंजा कस रही है। कप्तान नवनीत सिंह की मॉनिटरिंग और तेज रणनीति के चलते जिलेभर में अपराधियों में खौफ बना हुआ है।
वहीं मंगलौर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह की सक्रिय कार्यशैली और टीम की मुस्तैदी से इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान मोटरसाइकिल सवार आरोपी हसीन उर्फ “तोता” निवासी लादपुर कला, लक्सर को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ कर स्मैक सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी रहेगा और जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी होती रहेगी।
बरामदगी:
260 ग्राम अवैध स्मैक
एक मोटरसाइकिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर, उपनिरीक्षक अशोक सिरस्वाल, अ0उ0नि0 अश्वनी यादव (सीआईयू रुड़की), हेड कांस्टेबल शूरबीर सिंह, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल राहुल नेगी, रविंद्र खत्री, मनीष, महिपाल सिंह और अजय काला शामिल रहे।



