ज्वालापुर से धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार कर मुज़फ्फरनगर ले जा रही पुलिस पर जानलेवा हमला,

हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। धोखाधड़ी के एक आरोपी को न्यायालय ले जा रही पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले तीन युवकों को ज्वालापुर पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है और पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई हैं।
थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर में तैनात उप निरीक्षक अनुराग सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मुकदमा अपराध संख्या 20/2026 में वांछित आरोपी संजय पुत्र राजपाल, निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर को उसके आवास से गिरफ्तार कर थाना छपार ले जा रहे थे। पुलिस टीम जैसे ही भूमानंद अस्पताल के पास पहुंची, तभी आरोपी के पुत्र ईशान्त ने अपने सहयोगियों शिवम मलिक, अमन, अनिरुद्ध, कुणाल त्यागी एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर पुलिस वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि अभियुक्तों ने अपने पिता को छुड़ाने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के उद्देश्य से पुलिस टीम की कार पर महिंद्रा स्कॉर्पियो व थार वाहनों से जानलेवा हमला करते हुए टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं पुलिस टीम के सदस्यों को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसआई ज्वालापुर खेमेन्द्र गंगवार टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए ईशान्त, शिवम मलिक और अमन को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में उप निरीक्षक अनुराग सिंह की लिखित तहरीर पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 93/2026 धारा 109, 121, 132, 191, 324, 351, 352 व 61 के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।



