हरिद्वार

खंभे से बांधकर महिला से बेरहमी से मारपीट, एक महिला सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल में एक महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रानीपुर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 20 दिसंबर 2025 की है। पीड़िता के पुत्र शुभम पुत्र लखमीचंद, निवासी लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल, ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी माता के साथ कुछ लोगों ने झगड़े के दौरान मारपीट की और उसे खंभे से बांधकर पीटा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0-495/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की सक्रियता और तेज हो गई। प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल, इंदर, राजेश, आशु तथा माया देवी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी लेबर कॉलोनी रानीपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली हैं और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले की विवेचना जारी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून हाथ में लेने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!