
हरिद्वार।जनपद में लगातार बढ़ रही शीत लहर के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गरीब, निराश्रित एवं असहाय लोगों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शिवालिक नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजीव शर्मा के साथ शिवालिक नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए।
❖ शिव मंदिर से टिहरी विस्थापित कॉलोनी तक कंबल वितरण, अलावों की स्थिति का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी एवं पालिका अध्यक्ष ने शिव मंदिर, शिवालिक नगर चौक, सीआईएसएफ कैंप कार्यालय के समीप, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, हनुमान मंदिर सेक्टर-4 सहित कई स्थानों पर पहुंचकर गरीब व निराश्रित व्यक्तियों को कंबल वितरित किए। इस दौरान शीत लहर से बचाव हेतु जलाए जा रहे अलावों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
❖ 25 स्थानों पर जल रहे अलाव, ठंड बढ़ने पर और बढ़ेगी संख्या: डीएम
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि वर्तमान में शिवालिक नगर क्षेत्र में 20 से 25 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। यदि शीत लहर का प्रकोप और बढ़ता है तो अलावों की संख्या में भी वृद्धि की जाएगी। उन्होंने शिवालिक नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्देश दिए कि रैन बसेरे में ठहरने वाले व्यक्तियों का पूर्ण रिकॉर्ड रखा जाए, साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा हीटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की कोई कमी न रहे।
❖ कोहरा व ठंड को लेकर आमजन से सतर्क रहने की अपील
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में कोहरा एवं शीत लहर का प्रकोप बढ़ रहा है, ऐसे में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा रात्रि यात्रा न करें। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे आगे बढ़कर गरीब एवं निराश्रित लोगों की यथासंभव सहायता करें।
❖ संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण: पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा
शिवालिक नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित संवेदनशीलता के साथ पूरे जनपद में शीत लहर से बचाव के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं। गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल वितरण का यह अभियान सराहनीय और अनुकरणीय है।



