उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

नशे में गढ़ दी ‘क्राइम स्टोरी’, डायल 112 पर मिली गंभीर सूचना पर तुरंत एक्टिव हुई पुलिस, जांच में फर्जी कॉल का खुलासा

लक्सर (हरिद्वार)। आपातकालीन सेवा डायल 112 का दुरुपयोग करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। बेटी को ससुराल पक्ष द्वारा पेट्रोल डालकर जलाने की झूठी सूचना देने के मामले में लक्सर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹10,000 का चालान किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 को डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी गई थी कि कॉलर की बेटी को उसके ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की है और उसे एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए लक्सर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच की।

जांच के दौरान सामने आया कि दी गई सूचना पूरी तरह से झूठी थी। कॉल करने वाला व्यक्ति शराब के नशे में था और उसने जानबूझकर डायल 112 आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग किया। इस झूठी सूचना के कारण पुलिस संसाधनों का अनावश्यक उपयोग हुआ और वास्तविक जरूरतमंदों की सहायता में बाधा उत्पन्न हो सकती थी।

मामले में धर्मेन्द्र कुमार पुत्र राजपाल, निवासी शेखपुरी, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 44 वर्ष के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के अंतर्गत ₹10,000 का चालान किया गया। आरोपी को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।

लक्सर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 एक महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा है, जिसका उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही किया जाए। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!