हरिद्वार

गुरुकुल कांगड़ी हेलिपैड पर किसानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किया जोरदार स्वागत

गन्ना मूल्य ₹405 प्रति क्विंटल करने पर किसानों ने दी “किसान पुत्र” की उपाधि

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी हेलिपैड पर आज किसानों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का गर्मजोशी से स्वागत किया। किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय अधिकारियों ने फूलमालाएँ पहनाकर, पुष्पवर्षा कर और गन्ना भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। किसानों ने सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री को “किसान पुत्र” की उपाधि से भी नवाजा।

मुख्यमंत्री धामी ने इस सम्मान के लिए किसानों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि किसानों की मांगों और परिस्थितियों को देखते हुए गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर ऐतिहासिक ₹405 प्रति क्विंटल किया गया है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में ₹30 की बढ़ोतरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता चीनी मिलों द्वारा किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित कराना है। जहाँ भी भुगतान या खरीद से संबंधित समस्याएँ आएंगी, उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसान सम्मान निधि, उचित समर्थन मूल्य और समय पर भुगतान जैसी नीतियों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने लक्सर क्षेत्र के गंगदासपुर की सड़क ऊँची करने की घोषणा करते हुए बताया कि इकबालपुर और सितारगंज की बंद पड़ी चीनी मिलों से प्रभावित किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए भी सरकार विशेष कदम उठा रही है और शीघ्र राहत सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में किसानों के हितों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं और गन्ने के मूल्य में यह ऐतिहासिक वृद्धि किसानों के लिए बड़ी राहत है।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, मेयर रुड़की अनिता अग्रवाल, उपाध्यक्ष/मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!