ज्वालापुर में युवा उद्यमिता को मिला नया प्रोत्साहन: मशरूम लेडी दिव्या रावत की अमन अंसारी से खास मुलाकात

(ख़बर— सुरेश कुमार)
हरिद्वार। उत्तराखंड की मशहूर सामाजिक उद्यमी और “मशरूम लेडी” के नाम से देशभर में पहचानी जाने वाली दिव्या रावत ने हाल ही में हरिद्वार के उपनगरी ज्वालापुर में युवा फार्मा उद्यमी अमन अंसारी से मुलाकात की। इस मुलाकात ने स्थानीय व्यवसाय जगत और युवाओं में खासा उत्साह पैदा कर दिया है।
दिव्या रावत, जिन्होंने मशरूम की खेती को उत्तराखंड में स्वरोजगार का बड़ा माध्यम बनाया है, अब राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों में जुटी हैं। उन्होंने दिल्ली से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उत्तराखंड लौटकर मशरूम फार्मिंग के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत की थी। उनके द्वारा अपनाई गई वर्टिकल फार्मिंग तकनीक, विशेष रूप से बांस के रैक पर मशरूम उत्पादन, कम जगह में अधिक उपज का बेहतरीन उदाहरण है। इसके साथ ही दिव्या हजारों युवाओं और महिलाओं को मशरूम की खेती में प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी सफल रही हैं। उनके इसी उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा “नारी शक्ति पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है।

अमन अंसारी, जो फार्मा क्षेत्र में सक्रिय हैं, ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजन पर विस्तार से चर्चा हुई। अमन अंसारी ने कहा,”दिव्या जी का अनुभव और उनका काम प्रेरणादायक है। हम दोनों ने ज्वालापुर और आसपास के क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए मॉडल विकसित करने और फार्मा व एग्री-बेस्ड स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने पर चर्चा की। खासकर महिला उद्यमिता और ग्रामीण युवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष फोकस रहेगा।”
दिव्या रावत ने भी इस अवसर पर कहा कि उनका लक्ष्य केवल मशरूम की खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के हर क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं को कम करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अमन अंसारी की फार्मा क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य में संयुक्त उद्यमों और स्थानीय युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम्स आयोजित करने का भरोसा जताया।
इस मुलाकात से ज्वालापुर के स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्रीय व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने भी दोनों उद्यमियों की इस पहल का स्वागत किया है। आने वाले दिनों में इस साझेदारी के ज़रिए हरिद्वार के युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।



