हरिद्वार

नम आंखों से दी गई दिवंगत सब इंस्पेक्टर कृपाल सिंह गोसाई को अंतिम विदाई

हरिद्वार,केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के भूतपूर्व सब इंस्पेक्टर (सामान्य ड्यूटी) श्री कृपाल सिंह गोसाई के आकस्मिक निधन के पश्चात बुधवार को कनखल स्थित श्मशान घाट पर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान सीआईएसएफ यूनिट बीएचईएल हरिद्वार की ओर से पूरे सैन्य सम्मान एवं गरिमामयी परंपराओं के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी गई।

यह सम्मानपूर्ण अंतिम विदाई केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिक भूतपूर्व संगठन की हरिद्वार एवं ऋषिकेश शाखा के अध्यक्ष श्री रूपचंद आजाद एडवोकेट तथा श्री हिम्मत सिंह नेगी, सहायक कमांडेंट सीआरपीएफ के त्वरित प्रयासों और कुशल समन्वय के परिणामस्वरूप संभव हो सकी।

इस अवसर पर सीआईएसएफ यूनिट बीएचईएल हरिद्वार से रिजर्व इंस्पेक्टर श्री हरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ दिवंगत सब इंस्पेक्टर को अंतिम सम्मान देने पहुंचे। साथ ही महानिदेशक की ओर से प्रेषित शोक संदेश भी शोक संतप्त परिवार को सौंपा गया।

दिवंगत श्री कृपाल सिंह गोसाई के निधन से परिजनों, परिचितों एवं पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिकों में शोक की लहर है। संगठन के पदाधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

 

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!