उत्तराखंडहरिद्वार

खुलासा : सिडकुल पुलिस ने खोला वाहन चोरी के गिरोह का राज, 9 दोपहिया बरामद

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 09 मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर रानीपुर, सिडकुल और बहादराबाद क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
किरवी चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर
14 सितंबर 2026 को सिडकुल पुलिस किरवी चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही संदिग्ध ने बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसल गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिली मोटरसाइकिल के इंजन नंबर, चेसिस नंबर और वाहन संख्या की जांच की तो पता चला कि बाइक चोरी की है। इस संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 388/2026 दर्ज था। इसके बाद आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया।
बंद पड़ी खाद फैक्ट्री में छिपा रखी थीं चोरी की बाइकें
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई 08 और मोटरसाइकिल तथा एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए। एक बाइक आरोपी के कब्जे से पहले ही बरामद हो चुकी थी। इस तरह पुलिस ने कुल 09 मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र को अपना टारगेट बनाता था। चोरी की गई गाड़ियों को पुलिस और लोगों की नजरों से बचाने के लिए बंद पड़ी फैक्ट्री को ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास, लक्सर और देवबंद में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी के खिलाफ थाना लक्सर में गैंगस्टर एक्ट, थाना देवबंद सहारनपुर में भी गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ डोईवाला, बहादराबाद, कलियर, लक्सर और सिडकुल थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
14 मुकदमों वाला आरोपी निकला वाहन चोरी के नेटवर्क का हिस्सा
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास वर्ष 2020 से चला आ रहा है। थाना देवबंद में वर्ष 2020 के दौरान उसके खिलाफ लूट और माल बरामदगी से संबंधित तीन मुकदमे तथा गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। इसके बाद हरिद्वार जनपद में भी उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए।
बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
बरामदगी
09 मोटरसाइकिल और 01 मोटरसाइकिल के पार्ट्स
पुलिस टीम
थानाध्यक्ष अजय शाह, व0उ0नि0 प्रवीण बिष्ट, अ0उ0नि0 अनिल कुमार सैनी, हे0का0 जितेन्द्र मलिक, हे0का0 संजय, हे0का0 सोहन राणा, का0 प्रमोद गोस्वामी, का0 रिपेन्द्र कैन्तुरा और होमगार्ड आफताब मलिक शामिल रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!