उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

ज्वालापुर मंडी में वायरल वीडियो से हड़कंप, मंडी सचिव को लेकर कथित हत्या की बात से बढ़ी हलचल

हरिद्वार। ज्वालापुर मंडी में वायरल वीडियो को लेकर नया विवाद सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर मंडी सचिव लवकेश गिरी को जान से मारने की बात करता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर मौजूद कुछ व्यापारी उसे रोकने के बजाय उसकी बात पर उत्साहित नजर आ रहे हैं। पिछले दो वर्षों में ज्वालापुर मंडी को प्रदेश की सबसे अधिक राजस्व देने वाली मंडियों में शामिल कराने वाले सचिव लवकेश गिरी अब कुछ व्यापारियों के निशाने पर बताए जा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने मंडी परिसर में वर्षों से अवैध कब्जा किए बैठे कुछ व्यापारियों का अतिक्रमण हटवाया था और मंडी को व्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठाए थे। माना जा रहा है कि यही कार्रवाई कुछ लोगों को नागवार गुजरी।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कथित व्यक्ति सचिव के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए करोड़ों रुपये लेकर हत्या कराने जैसी बात कहता सुनाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सचिव और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो यह मामला केवल धमकी नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था और एक सरकारी अधिकारी की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रकरण बन सकता है।

फिलहाल वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जानी बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। यदि किसी व्यक्ति ने वास्तव में जान से मारने की धमकी दी है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि किसी भी अधिकारी या नागरिक की सुरक्षा से समझौता न हो। मंडी प्रशासन ने मामले पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!