ताबड़तोड़ एक्शन: हरिद्वार पुलिस का बड़ा अभियान, गैंगस्टर-गुंडों पर कसा शिकंजा

हरिद्वार। जनपद में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस द्वारा बीते एक माह में आदतन अपराधियों, गैंगस्टरों एवं इनामी बदमाशों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के कुशल नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस ने अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर बड़ा संदेश दिया है।हरिद्वार पुलिस द्वारा संगठित गिरोह बनाकर अपराध करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कुल 33 व्यक्तियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं, 98 आदतन अपराधियों पर गुंडा अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए उन्हें तड़ीपार करने की प्रक्रिया भी जारी है।

अभियान के दौरान न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामील में पुलिस ने 333 वारंटियों एवं 60 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त 20 इनामी अपराधियों को भी हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सक्रिय सभी आपराधिक गिरोहों के सरगना एवं उनके सदस्य पुलिस के रडार पर हैं, जिनकी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है और उनकी पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।



