मंडी परिसर में डबल मर्डर से दहशत: युवक-युवती के सिर पत्थर से कुचले, लहूलुहान हालत में मिले शव

हल्द्वानी। हल्द्वानी के मंडी परिसर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक और एक युवती के लहूलुहान शव बरामद हुए। दोनों के सिर और चेहरे बुरी तरह पत्थर से कुचले गए थे। प्रथम दृष्टया मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई और मंडी में भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके को सील कर दिया और फोरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल के पास से कुछ संदिग्ध साक्ष्य और वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद किया गया है। पुलिस मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
साथ ही, मंडी के व्यापारियों और वहां काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।
फिलहाल, पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और मामले की तफ्तीश तेज कर दी गई है।



