स्वच्छ हरिद्वार की ओर बड़ा कदम, 7 फरवरी को मेगा स्वच्छता अभियान

हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनपद हरिद्वार को साफ, स्वच्छ एवं सुंदर बनाए जाने के उद्देश्य से माह नवम्बर 2025 से लगातार स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आगामी 07 फरवरी 2026 को जनपद स्तर पर मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
इस महाअभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने आज विकास भवन परिसर से 50 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन जिले के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
मेगा स्वच्छता अभियान के तहत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में जनसमुदाय के सहयोग से व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक कार्मिक को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जो विशेष रूप से ग्राम के प्रवेश-निकास मार्गों, पंचायत/सामुदायिक भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों की सफाई सुनिश्चित करेंगे।
अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए स्वच्छता कार्यों के जियोटैग फोटो नोडल अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि न्याय पंचायत स्तर के प्रभारी अधिकारी अपने क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में अभियान की निगरानी करेंगे।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत क्षेत्रों में दुकानदारों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को अपने प्रतिष्ठान पर डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ग्रामीण कस्बों, बाजारों एवं पीठ बाजारों में सफाई व्यवस्था जिला पंचायत द्वारा कराई जाएगी। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को ब्लॉक स्तर पर संचालित कॉम्पेक्टर तक भेजा जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, नोडल स्वजल चंद्रकांत त्रिपाठी, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी हेमचंद्र, सहायक विकास अधिकारी (पं.) बहादराबाद बिजेंद्र सैनी सहित सचिव एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान, अजय चौहान, अमरीश सैनी, अमित सैनी, हिमांशु शर्मा, शान्तनु चौहान, मनोज कुमार, मनोज पोसवाल, श्रीमती इंदूबाला, सुन्दरलाल आदि उपस्थित रहे।



