वायरल वीडियो पर कार्यवाही: ज्वालापुर में सफाईकर्मी से मारपीट के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पावधोई स्थित ईदगाह रोड पर सफाईकर्मी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया था। घटना से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जनवरी 2026 को सफाईकर्मी ईदगाह रोड पर सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान समीर पुत्र मोहम्मद आजम, निवासी अहबानगर (हाल निवासी पावधोई) वहां पहुंचा और बिना किसी कारण कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। आरोपी की हरकतों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर अपर उप निरीक्षक राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी से पूछताछ के दौरान वह और अधिक उग्र हो गया तथा जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा करने लगा। पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ, जिससे मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने लगी। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा रोष देखा गया।
पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस में चालान कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



