कनखल में फेरी वाले को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर;
Naveed Akhtar

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ज्वालापुर निवासी फेरी कारोबारी को कथित रूप से धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह “कनखल में मुसलमानों की एंट्री बैन है” जैसी बात कहते हुए दोबारा क्षेत्र में दिखने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी देता सुनाई दे रहा है। पीड़ित फेरी कारोबारी, जो ज्वालापुर का निवासी बताया जा रहा है, ने थाना कनखल में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि 23 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जब वह कनखल क्षेत्र में फेरी कर रहा था, तभी एक व्यक्ति ने उसे रोककर नाम और धर्म पूछा। धर्म जानने के बाद कथित तौर पर अपशब्द कहे गए और क्षेत्र में दोबारा न आने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने स्वयं को मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाला बताया है और कहा है कि घटना के बाद वह काफी डरा हुआ है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और कई लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।



