यूपीएससी की 708वीं रैंक का विवाद हुआ साफ, केरल की फैरुज फातिमा का दावा सही

पिरान कलियर। Union Public Service Commission (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 708वीं रैंक को लेकर बना भ्रम अब लगभग साफ हो गया है। ‘फैरुज फातिमा’ नाम से दो युवतियों द्वारा किए जा रहे दावे के बीच केरल की रहने वाली फातिमा का दावा सही बताया जा रहा है।
दस्तक न्यूज़ से बातचीत में Kerala निवासी फैरुज फातिमा ने बताया कि यूपीएससी द्वारा जारी चयन सूची में जो नाम मेंशन किया गया है, वह उनका ही है। उन्होंने कहा कि सूची में उनके नाम के साथ उनका रोल नंबर भी दर्ज है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चयन उन्हीं का हुआ है।
उन्होंने कहा कि जब परिणाम घोषित हुआ तो देश के अलग-अलग हिस्सों से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। इसी दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि उत्तराखंड के पिरान कलियर क्षेत्र की एक अन्य युवती ने भी इसी नाम से 708वीं रैंक हासिल करने का दावा किया है।
केरल की फातिमा ने इस मामले में पिरान कलियर की युवती के लिए दुख भी जताया। उनका कहना है कि शायद किसी गलतफहमी की वजह से यह स्थिति बनी है और उन्हें उम्मीद है कि आगे चलकर पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
गौरतलब है कि पहले एक ही रैंक पर दो अलग-अलग स्थानों से दावे किए जाने के कारण लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई थी। अब केरल की फातिमा द्वारा सूची में नाम और रोल नंबर का मिलान सामने आने के बाद मामला काफी हद तक साफ हो गया है।



