शासन ने जारी किए पदोन्नति आदेश, 22 अफसरों का नाम शामिल, आईएएस के 13 और आईपीएस के 9 अधिकारियों का कद बढ़ा,

देहरादून। शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 13 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के नौ अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए हैं। सोमवार को ही इन पदोन्नतियों को लेकर विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई थी। सभी पदोन्नतियां एक जनवरी से प्रभावी मानी जाएंगी।
आईपीएस अधिकारियों में अभिनव कुमार को पुलिस महानिदेशक (डीजी) पद पर पदोन्नति दी गई है। वहीं, मंगलवार को शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. इकबाल अहमद, सोनिका, रंजना, आनंद स्वरूप, देवकृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडेय और राजेंद्र कुमार को अपर सचिव से सचिव पद पर नियमित पदोन्नति प्रदान की गई है। इसी बैच की अधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव को प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है। अब ये सभी अधिकारी सचिव पद के लिए अर्ह हो गए हैं।
इसके अलावा 2013 बैच के आईएएस अधिकारी मयूर दीक्षित, वंदना, विनीत कुमार, रीना जोशी और आनंद श्रीवास्तव को सलेक्शन ग्रेड पदोन्नति के आदेश जारी किए गए हैं।
आईपीएस अधिकारियों में निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद पर नियमित पदोन्नति दी गई है, जबकि पी. रेणुका देवी और बरिंदरजीत सिंह को आईजी पद पर प्रोफार्मा पदोन्नति मिली है। डीआईजी स्तर पर प्रह्लाद मीणा और यशवंत सिंह चौहान को नियमित तथा प्रीति प्रियदर्शनी को प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है। वहीं, तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरू को सलेक्शन ग्रेड पदोन्नति प्रदान की गई है। इसके साथ ही आईपीएस अभिनव कुमार डीजी स्तर पर पदोन्नत हो गए हैं।
पदोन्नति आदेश जारी होने के साथ ही प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया जा सकता है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारियों का बंटवारा देखने को मिलेगा।



